
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के प्रयागराज मार्ग पर कोदहूं के पास शनिवार तड़के करीब 5 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सिविल लाइन्स डिपो की रोडवेज बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस दर्दनाक दुर्घटना में बस चालक सतीश गुप्ता (46 वर्ष) निवासी लवायन भावनपुर, थाना खुटहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 9 यात्री घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि रोडवेज बस करीब 40 यात्रियों को लेकर प्रयागराज से टांडा जा रही थी। जैसे ही बस कोदहूं के पास पहुंची, वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकलवाकर एंबुलेंस के जरिए स्थानीय पीएचसी भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायलों में राकेश कुमार, मयंक सिंह, अनिल पटेल, राजकुमार, रामचंद्र निषाद, सूरज कुमार, राहुल कुमार, प्रमोद कुमार यादव और नीरज बिंद शामिल हैं।
पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया बस के अनियंत्रित होने के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच जारी है।



