
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
डोभी /जौनपुर। डोभी क्षेत्र अंतर्गत लेबरुआ गांव में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां बिजली के तार में हुए शॉर्ट सर्किट के चलते गेहूं की खड़ी फसल में अचानक आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया और करीब 7 बिस्सा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर खाक हो गई। खेत में उठती लपटों और धुएं को देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
पीड़ित किसान कैलाश सिंह ने बताया कि उनकी मेहनत की पूरी फसल इस आगजनी में नष्ट हो गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। गांव के ही विजय कुमार ने सबसे पहले आग लगने की घटना देखी और तत्काल फोन के जरिए ग्रामीणों को सूचना दी, लेकिन जब तक लोग खेत तक पहुंचते, आग फसल को अपनी चपेट में ले चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग के लेखपाल नवनीत कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया। प्रशासन द्वारा मुआवजे की प्रक्रिया को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




