
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत जौनपुर। केराकत कोतवाली के थानागद्दी चौकी से एक मामला सामने आया है, जिसने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक ओर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पीड़ित को ही न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
मामला केराकत थाना क्षेत्र के थानागद्दी चौकी अंतर्गत खरगसेनपुर गांव का है। यहां के निवासी बुल्लुर यादव की मोटरसाइकिल अपाची (UP62 CV 8890) बीती 10 अप्रैल की रात घर के बाहर से चोरी हो गई।
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने रात करीब 10:30 बजे अपनी बाइक घर के सामने खड़ी की थी और सोने चले गए। सुबह जब उनकी आंख खुली तो बाइक गायब थी। घटना से साफ है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे घर के सामने से वाहन चोरी कर ले जा रहे हैं और किसी को भनक तक नहीं लग रही।
लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं होता। पीड़ित का आरोप है कि 11 अप्रैल को जब वह थानागद्दी चौकी पर शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, तो चौकी प्रभारी ने उनकी शिकायत सुनने के बजाय उन्हें डांटकर भगा दिया।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें यह कहकर धमकाया गया—“ऊपर गए तो ठीक नहीं होगा” और गाड़ी मिलने की उम्मीद छोड़ देने की बात भी कही गई।
इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं एक ओर सरकार अपराध पर जीरो टॉलरेंस की बात करती है, वहीं जमीनी स्तर पर हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि इस मामले में प्रशासन कोई कार्रवाई करता है या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।




