
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक/जौनपुर। डोभी क्षेत्र में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध प्रदर्शन का मामला अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। चंदवक थाना क्षेत्र के सारेपुर नई बस्ती में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का ग्रामीणों, खासकर महिलाओं ने विरोध किया। विरोध इतना बढ़ गया कि लगाए गए स्मार्ट मीटर को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि बुधवार को विद्युत विभाग की टीम स्मार्ट मीटर लगाने के लिए सारेपुर नई बस्ती पहुंची थी। इसी दौरान स्थानीय महिलाओं और ग्रामीणों ने स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला उग्र हो गया और प्रदर्शनकारी महिलाओं ने उपखंड विद्युत कार्यालय पहुंचकर लगाए गए स्मार्ट मीटर फेंकते हुए प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों की गाड़ी को लकड़ी की गट्ठर लगाकर रोकने की भी कोशिश की गई। स्थिति बिगड़ती देख अधिकारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
इस मामले में अवर अभियंता पंकज कुमार ने 24 लोगों के खिलाफ चंदवक थाने में लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्मार्ट मीटर को लेकर ग्रामीणों का आरोप है कि नए मीटर लगने के बाद बिजली बिल अधिक आने की शिकायतें बढ़ रही हैं, जिसको लेकर क्षेत्र में लगातार नाराजगी देखी जा रही है। वहीं विद्युत विभाग का कहना है कि स्मार्ट मीटर सरकार की योजना के तहत लगाए जा रहे हैं और इससे उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा मिलेगी।




