अवैध रूप से प्रतिबंधित पशु काटने के आरोप में महिला गिरफ्तार, भारी मात्रा में मांस व उपकरण बरामद
अवैध रूप से प्रतिबंधित पशु काटने के आरोप में महिला गिरफ्तार, भारी मात्रा में मांस व उपकरण बरामद

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
आजमगढ़: जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से पड़वा (बछड़ा) काटने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में मांस, पशु अवशेष और काटने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं, जबकि महिला का पति मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार 5 मई को उपनिरीक्षक मोहम्मद शमशाद खान पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड नंबर 13, मोहल्ला पुरा दीवान स्थित स्लॉटर हाउस के पीछे एक मकान में पिंटू कुरैशी नामक व्यक्ति अवैध रूप से पड़वा काटकर मांस बेच रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति दीवार फांदकर फरार हो गया। तलाशी के दौरान मकान के अंदर एक पड़वा की खाल, सींग, खोपड़ी, जबड़े का टुकड़ा और लगभग 40 किलोग्राम मांस बरामद हुआ। इसके अलावा दो चाकू, एक टांगी, लोहे की छड़ें, लकड़ी का ठीहा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और काला पन्नी भी पुलिस ने कब्जे में लिया।
मौके पर मौजूद महिला ने अपना नाम फात्मा बेगम पत्नी अल्ताफ कुरैशी उर्फ पिंटू कुरैशी निवासी पुरा दीवान बताया। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि वह अपने पति के साथ मिलकर जानवर काटकर मांस बेचती थी और इसी से परिवार का खर्च चलता था।
पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(i) व आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं पशु चिकित्साधिकारी की मौजूदगी में अवशेषों का परीक्षण कराया गया और बरामद मांस को गड्ढा खोदकर नष्ट करा दिया गया। फरार आरोपी की तलाश जारी है।




