वाराणसी में युवक का शव मिलने से सनसनी, बहन ने लगाया हत्या का आरोप
वाराणसी में युवक का शव मिलने से सनसनी, बहन ने लगाया हत्या का आरोप

न्यूज़ खबर इंडिया
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवां रोड पुलिस चौकी से करीब एक किलोमीटर दूर बिहड़ा नहर के पास रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान गौर गांव निवासी जग्गू हरिजन के रूप में हुई। उसकी बहन गीता ने शव की शिनाख्त करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार, जग्गू ने कुछ महीने पहले प्रेम विवाह किया था और परिवार के भरण-पोषण के लिए एक होटल में काम करता था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शनिवार शाम तक जग्गू गांव में देखा गया था। रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने उसका शव नहर के पास पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर शरीर पर खून के निशान मिलने से लोगों ने आशंका जताई कि घटना देर रात या तड़के हुई होगी।
घटनास्थल पर पहुंचे एसीपी राजातालाब वीर सिंह ने बताया कि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।




