
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर । जिले में बढ़ती गर्मी, डूबने की घटनाओं और संभावित आपदाओं को देखते हुए जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में जनजागरूकता, सुरक्षा व्यवस्था और बचाव उपायों को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए गए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से नदी, तालाब और अन्य गहरे जलाशयों में होने वाली डूबने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर “डेंजर बोर्ड” और रिफ्लेक्टर लगाए जाएं ताकि लोगों को खतरे के प्रति पहले से सचेत किया जा सके। बैठक में बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि अभिभावक और विद्यालय प्रशासन बच्चों को गहरे जलाशयों से दूर रखने में अहम भूमिका निभाएं। स्कूलों में भी सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
हीट वेव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को ORS पैकेट वितरण और जनजागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्राम स्तर तक आपदा से बचाव की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग सतर्क रह सकें। विद्यालयों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने, फायर इक्विपमेंट की स्थिति सुनिश्चित करने तथा नियमित मॉक ड्रिल आयोजित कराने के निर्देश भी दिए गए। वहीं मिड-डे मील से जुड़े रसोइयों को एलपीजी गैस सुरक्षा के प्रति जागरूक करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने नाव संचालन को लेकर भी सख्ती दिखाते हुए निर्देश दिया कि सभी पंजीकृत नावों में लाइफ जैकेट की व्यवस्था अनिवार्य होगी तथा प्रशिक्षित नाविक ही नाव संचालन करेंगे। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




