महिला से दुष्कर्म, मारपीट और लूट का आरोप, कोर्ट के आदेश पर पूर्व भाजपा जिला मंत्री सहित 23 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
महिला से दुष्कर्म, मारपीट और लूट का आरोप, कोर्ट के आदेश पर पूर्व भाजपा जिला मंत्री सहित 23 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
चंदवक, जौनपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला के साथ कथित दुष्कर्म, मारपीट, लूटपाट और आगजनी के गंभीर आरोपों के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में एससी/एसटी एक्ट सहित कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
पीड़िता का आरोप है कि 15 नवंबर 2025 की भोर में हथियारों से लैस बड़ी संख्या में लोग उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ की, सामान लूट लिया, आगजनी की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की। महिला ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया तथा उसे गंभीर चोटें आईं।
महिला का कहना है कि घटना के बाद उसने पुलिस, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय की शरण लेने पर कोर्ट ने मामले का संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया।
न्यायालय के निर्देश पर चंदवक पुलिस ने महेंद्र प्रजापति, मोखन प्रजापति, जोखन प्रजापति, आलोक प्रजापति समेत कुल 23 नामजद आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, लूट, मारपीट और एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह के अनुसार मामले की विवेचना की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




