
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र के बेनियाबाग हरिजन बस्ती में रविवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात में चारपाई पर सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से पुलिस ने दो खोखे भी बरामद किए हैं। मृतक की पहचान राजन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार राजन की दो पत्नियां हैं। एक पत्नी मिर्जापुर के नारायणपुर में रहती है, जबकि दूसरी बेनियाबाग दलित बस्ती में निवास करती है। बताया जा रहा है कि दूसरी पत्नी के पुत्र की सगाई आगामी 20 जून को होनी है। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राजन नारायणपुर से वाराणसी आया था।

रविवार तड़के राजन अपने पुत्र के साथ घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने उसे निशाना बनाते हुए गोली मार दी। हैरानी की बात यह रही कि उसके बगल में सो रहे पुत्र को घटना की भनक तक नहीं लगी। गोली लगने से राजन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस और काशी जोन के एडीसीपी वैभव बांगर मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा हत्या के पीछे के कारणों की पड़ताल कर रही है। पुलिस जांच जारी पुलिस का कहना है कि हत्या के सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।




