
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
मऊ। जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र में तीन दिनों से लापता बुजुर्ग का शव झाड़ियों में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शव की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जबकि सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी गई है मृतक की पहचान सुरेंद्र राय के रूप में हुई है, जो पिछले तीन दिनों से अपने घर से लापता थे। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। शुक्रवार को गांव के बाहर झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना मिलने पर जब लोग मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान सुरेंद्र राय के रूप में हुई।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी इस सनसनीखेज घटना ने क्षेत्र में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह प्राकृतिक मौत है, दुर्घटना या फिर किसी साजिश का परिणाम? इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस गहन जांच में जुटी है। वहीं, परिजन घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




