
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के घनघनुवां गांव में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 17 वर्षीय किशोरी का शव पशुबाड़े में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की पहचान गांव निवासी काजल (17 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किशोरी रविवार शाम से घर से लापता थी। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात पशुबाड़े में उसका शव फंदे से लटका मिलने पर परिवार के होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही सरायख्वाजा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।




