
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
आजमगढ़। महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र में दो दिन से लापता चल रहे किसान का शव मंगलवार सुबह नदी किनारे मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है मृतक की पहचान जयप्रकाश यादव (42) पुत्र गुलाब यादव, निवासी ग्राम नौबरार देवारा जदीद किता दोयम, थाना महाराजगंज के रूप में हुई है परिजनों के मुताबिक जयप्रकाश यादव 12 जुलाई को घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने देवारांचल पुलिस चौकी में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी।
मंगलवार सुबह करीब 7:40 बजे महुला-गढ़वल बांध के किनारे, नौबरार देवारा जदीद किता प्रथम स्थित औघड़गंज बाजार से करीब 100 मीटर पूर्व ग्रामीणों ने नदी किनारे एक शव देखा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची महाराजगंज पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और शिनाख्त कराई, जिसमें मृतक की पहचान जयप्रकाश यादव के रूप में हुई शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि जयप्रकाश यादव चार भाइयों में सबसे बड़े थे और खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।




