
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। मीरगंज थाना क्षेत्र के कसरेवा गांव में मंगलवार सुबह तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक ऑटो चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले नंदलाल गिरी अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे नंदलाल गिरी अपने खेत में मेड़ बांधने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश के बीच अचानक कड़कती बिजली उन पर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
नंदलाल गिरी ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी बबिता देवी, दो बेटियां, एक बेटा और बुजुर्ग मां हैं। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब परिवार के सामने रोजी-रोटी और बच्चों के भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है।
घटना की सूचना पर हल्का लेखपाल, नायब तहसीलदार शुभम तथा मीरगंज थानाध्यक्ष अरविंद सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।




