
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के जमालापुर पुलिस चौकी के पास रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक 19 वर्षीय युवती ने बसुही नदी में छलांग लगा दी। युवती को नदी में गिरते देख मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने तत्काल नदी में उतरकर उसकी जान बचा ली। समय रहते हुए हुई इस मदद से बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि युवती को रविवार सुबह उसकी मां ने किसी बात को लेकर डांट दिया था। इसके बाद वह नाराज होकर घर से निकल गई। कुछ देर बाद वह घर से करीब 500 मीटर दूर जमालापुर पुलिस चौकी के पास बसुही नदी के पुल पर पहुंची और अचानक नदी में छलांग लगा दी युवती को नदी में गिरते देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद युवकों ने बिना देर किए नदी में छलांग लगाकर युवती को खोज निकाला और सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही जमालापुर पुलिस चौकी प्रभारी रामाश्रय कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवती से घटना के संबंध में जानकारी ली और उसके परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया। आवश्यक कार्रवाई के बाद युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया बताया जा रहा है कि युवती गांव के एक युवक से शादी करना चाहती थी, जबकि परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर परिवार में तनाव की स्थिति बनी थी। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुलिस स्तर से पुष्टि की जा रही है।




