Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया
जौनपुरयूपी

ऑनलाइन इनवेस्टमेंट और बेटिंग एप से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार

ऑनलाइन इनवेस्टमेंट और बेटिंग एप से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए जौनपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने लाखों रुपये की ऑनलाइन इनवेस्टमेंट और बेटिंग एप के जरिए आर्थिक अपराध करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना द्वारा जांच, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और साइबर पोर्टल्स की मदद से कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को सोशल मीडिया, टेलीग्राम और फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए अधिक मुनाफे का लालच देकर ठगी करते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों में कृष्णा सिंह पुत्र अरविंद सिंह और रामप्रताप सिंह पुत्र विजय प्रताप सिंह शामिल हैं। दोनों के खिलाफ NCRP पोर्टल पर विभिन्न राज्यों से कुल 61 शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस जांच में अब तक करीब 30 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बनारस में किराये के मकान में ऑफिस बनाकर फर्जी इनवेस्टमेंट, ट्रेडिंग और बेटिंग एप के नाम पर लोगों को झांसे में लेते थे। पहले छोटे अमाउंट लगवाकर विश्वास जीतते और फिर बड़े निवेश के नाम पर मोटी रकम ऐंठ लेते थे। ठगी का पैसा अपने और परिचितों के खातों में मंगाकर नकद निकासी कर लिया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी फर्जी दस्तावेजों के जरिए विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाते और फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल करते थे। पुलिस अब साइबर फ्रॉड से अर्जित धन से खरीदी गई संपत्तियों की जांच कर कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
इस मामले में साइबर क्राइम थाना जौनपुर पर मु0अ0सं0 21/2026 के तहत धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2) BNS एवं 66C, 66D IT Act में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जौनपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान इनवेस्टमेंट लिंक, ट्रेडिंग एप या सोशल मीडिया पर दिख रहे अधिक मुनाफे के लालच में न आएं और साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!