
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के सरायपोख्ता पुलिस चौकी अंतर्गत श्रीराम जानकी मठ, गूलर घाट की जमीन पर कब्जे के प्रयास का मामला जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के समक्ष पहुंचा है। मठ के वरिष्ठ पुजारी एवं प्रबंधक फलाहारी महाराज ने सोमवार को दोनों अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर जमीन पर कथित कब्जे के प्रयास को रोकने तथा सुरक्षा की मांग की शिकायत में फलाहारी महाराज ने आरोप लगाया कि मंदिर की जमीन को लेकर उन्होंने पहले थाना कोतवाली और सरायपोख्ता पुलिस चौकी में शिकायत की थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि इसके बाद विपक्षी जितेंद्र सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह समेत कुछ लोगों ने मंदिर के पीछे स्थित जमीन और टीनशेड की दीवार में तोड़फोड़ कर कब्जे का प्रयास किया।
शिकायत के मुताबिक, जमीन को लेकर सिविल जज (जूनियर डिवीजन), शहर जौनपुर की अदालत में वाद विचाराधीन है। प्रार्थी के अनुसार, जिला जज जौनपुर की अदालत में दाखिल विविध अपील संख्या 111/2026 में 24 अगस्त 2026 को दोनों पक्षों को मौके पर यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया गया था फलाहारी महाराज का आरोप है कि इसके बावजूद 27 सितंबर को मंदिर के पीछे जमीन और टीनशेड की दीवार को तोड़ने की कोशिश की गई। उन्होंने घटना की सूचना 112 नंबर और स्थानीय पुलिस चौकी को देने की बात कही है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और जानमाल की धमकी दी गई मामले को लेकर फलाहारी महाराज ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से पूरे प्रकरण की जांच कराकर मंदिर की जमीन पर किसी भी प्रकार के कब्जे या निर्माण को रोकने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।




