
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
प्रतापगढ़। वन्यजीव तस्करी के खिलाफ वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 9 कछुओं को बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम को देखते ही तस्करों में हड़कंप मच गया और वे अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए मामला हथिगवां थाना क्षेत्र के कांटी अखैबरपुर गांव का है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन टीम को सामने देख तस्कर बाइक छोड़कर भाग निकले।
वन विभाग ने मौके से बाइक बरामद कर ली है। वाहन के नंबर और अन्य दस्तावेजों के आधार पर फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी जल्द पहुंचने की कार्रवाई की जाएगी बरामद किए गए सभी 9 कछुओं का परीक्षण कराया गया। जांच में उन्हें सुरक्षित पाए जाने के बाद वन विभाग की टीम ने उन्हें प्राकृतिक आवास में वापस भेजते हुए गंगा नदी में छोड़ दिया वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वन्यजीव तस्करों में खलबली मची हुई है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि वन्यजीवों की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।




