
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
आजमगढ़। जनपद के थाना रानी की सराय क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और बाद में अश्लील फोटो व वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता ने थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, उसका प्रेम संबंध थाना कोतवाली क्षेत्र के ककरहटा (बड़ा पुरवा) निवासी नवाज पुत्र सुलेमान के साथ लगभग पांच वर्षों से था।
आरोप है कि इस दौरान युवक ने शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान उसके अश्लील फोटो व वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए।
महिला का कहना है कि जब भी वह शादी की बात करती थी, आरोपी टालमटोल करता रहा इसी बीच परिजनों ने उसकी शादी कहीं और कर दी।
आरोप है कि शादी की जानकारी होने के बाद आरोपी ने उससे 10 लाख रुपये की मांग की और रकम न देने पर फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
पीड़िता के अनुसार, पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक फोटो व वीडियो उसके पति के मोबाइल पर भेज दिए, जिससे आहत होकर उसके पति ने उसे छोड़ दिया।
महिला ने थाना प्रभारी से आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि उसे न्याय मिल सके
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




