
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में अचानक भीषण आग भड़क उठी। सुबह करीब 8 बजे लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आसमान में उठता काले धुएं का विशाल गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू कर दिया प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह टहलने निकले लोगों ने सबसे पहले कोल्ड स्टोरेज से धुआं उठता देखा। देखते ही देखते आग की तेज लपटों ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियां लगातार आग बुझाने में जुटी हैं, लेकिन आग की भयावहता के कारण राहत कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है आग इतनी भीषण है कि करीब 4 किलोमीटर दूर से भी धुएं का घना गुबार साफ दिखाई दे रहा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की 15 गाड़ियां मौके पर तैनात की गई हैं। फायर कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि आग आसपास के इलाकों में न फैल सके।

जानकारी के अनुसार, हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में बड़ी मात्रा में किराने का सामान रखा गया था। आग लगने से भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर कोल्ड स्टोरेज के आसपास स्थित घरों को खाली करा दिया है। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है ताकि राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। विशेषज्ञों की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद जांच करेगी कि हादसा शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से हुआ। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और हर पहलू की जांच की जाएगी।




