
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र में एक किराना व्यवसायी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना बीबनमऊ गेट के पास की है, जहां स्थानीय लोगों ने शव लटकता देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है मृतक की पहचान बीबनमऊ मऊ निवासी संतोष गुप्ता के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय राम लखन गुप्ता के पुत्र थे और क्षेत्र में किराना व्यवसाय करते थे। प्रारंभिक तौर पर मौत फांसी लगाने से होने की बात सामने आ रही है, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर हर पहलू से पड़ताल कर रही है।
घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक के साथ तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संतोष गुप्ता किसी मानसिक तनाव, पारिवारिक विवाद या अन्य किसी परेशानी से गुजर रहे थे या नहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, संदिग्ध मौत ने पूरे जलालपुर क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।



