
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत/जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के मुफ़्तीगंज बाजार में फल विक्रेता पर कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित नितिन सोनकर पुत्र स्व. महेंद्र सोनकर, निवासी ग्राम उदियासन उर्फ मुफ़्तीगंज, थाना केराकत, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह मुफ़्तीगंज मार्केट में फल की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उनका आरोप है कि गांव के ही करन सोनकर, लवकी, शिवा, वरुण सोनकर और गोलू सोनकर से उनकी पुरानी जमीनी रंजिश चल रही है।
तहरीर के अनुसार, 10 जून 2026 की रात करीब 9 बजे जब वह अपनी फल की दुकान पर बैठे थे, तभी सभी आरोपी हाथों में लाठी-डंडा लेकर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी कथित रूप से जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।




