
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसी घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद युवक का शव गंगा से बरामद कर लिया। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान मिर्जापुर जनपद के कछवां निवासी शिवशंकर सिंह (32 वर्ष), पुत्र अनिल सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह वाराणसी के अस्सी क्षेत्र स्थित एक होटल में कार्यरत था और अपने दोस्तों के साथ तुलसी घाट घूमने आया था। जानकारी के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब 3 से 4 बजे शिवशंकर अपने साथियों के साथ गंगा स्नान के लिए नदी में उतरा। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और संतुलन बिगड़ने से तेज धारा की चपेट में आकर डूब गया। देखते ही देखते वह दोस्तों की नजरों से ओझल हो गया। साथ मौजूद मित्रों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगा की तेज धारा के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची भेलूपुर थाना पुलिस ने एनडीआरएफ की टीम के साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद सुबह करीब 8 बजे एनडीआरएफ के जवानों ने युवक का शव गंगा से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन वाराणसी के लिए रवाना हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि गंगा में स्नान के दौरान विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है, क्योंकि कई स्थानों पर अचानक गहराई बढ़ जाती है और तेज धाराएं हादसे का कारण बन सकती हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है




