
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के नेवादा गांव में शुक्रवार रात पत्नी की विदाई न होने से नाराज एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे की समझाइश के बाद पत्नी व उसके परिजनों को बुलाया गया। विदाई का आश्वासन मिलने पर युवक सुरक्षित नीचे उतर आया शहर कोतवाली क्षेत्र के चाचकपुर फुलमंडी निवासी गुलशन मौर्य पत्नी साधना मौर्य को विदा कराने ससुराल गया था, लेकिन परिजनों ने विदाई से इनकार कर दिया। इससे आहत होकर वह टावर पर चढ़ गया। मौके पर सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता, जफराबाद थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी समेत पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस टीम मौजूद रही। पुलिस युवक को पूछताछ के लिए थाने ले गई। सीओ सिटी ने बताया कि टावर की सुरक्षा में लापरवाही मिलने पर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।




