Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया
जौनपुरयूपी

मासूम की मौत से दहला जौनपुर: शादी की खुशियां मातम में बदलीं

4 साल की बच्ची का शव झाड़ियों में मिला, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता

जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र में चार साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। नानी के घर शादी समारोह में शामिल होने आई मासूम की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं। द्वारचार कार्यक्रम के दौरान अचानक लापता हुई बच्ची का शव सोमवार सुबह सई नदी किनारे धनेजा घाट के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि मासूम शनिवार को अपने माता-पिता के साथ ननिहाल शादी समारोह में शामिल होने आई थी। घर में शादी की रस्में चल रही थीं और परिवार के सभी लोग मेहमानों की आवभगत में व्यस्त थे। इसी बीच बच्ची खेलते-खेलते अचानक लापता हो गई। परिजनों ने रातभर घर-घर जाकर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
सोमवार सुबह ग्रामीणों ने ननिहाल से करीब 600 मीटर दूर सई नदी किनारे धनेजा घाट के पास झाड़ियों में बच्ची का शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। बच्ची ने सफेद रंग की फ्रॉक पहन रखी थी और उसके चेहरे पर खून लगा हुआ था, जिससे घटना को लेकर कई गंभीर आशंकाएं पैदा हो गई हैं।
परिजनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि मासूम के साथ दरिंदगी करने वाले आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर फांसी जैसी कड़ी सजा दी जाए।


बेटी को खो चुके पिता का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने कहा, “हमने अपनी बेटी को घर-घर जाकर खोजा, लेकिन वह नहीं मिली। सुबह उसकी लाश मिली। मेरी बच्ची के आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।” पिता की यह पीड़ा सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन, एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह, एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव, एसडीएम सदर योगिता सिंह, सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता, सीओ मछलीशहर प्रतिमा वर्मा और जफराबाद थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।
मासूम की मौत ने पूरे इलाके को गम और गुस्से से भर दिया है। लोग दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कठोर सजा की मांग कर रहे हैं, ताकि इस जघन्य वारदात के जिम्मेदार अपराधियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!