हाईवे किनारे झाड़ियों में मिला युवती का क्षत-विक्षत शव, हत्या की आशंका
हाईवे किनारे झाड़ियों में मिला युवती का क्षत-विक्षत शव, हत्या की आशंका

न्यूज़ खबर इंडिया
जौनपुर। जिले के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नेशनल हाईवे के किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात युवती का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव को काले प्लास्टिक बैग में भरकर फेंका गया था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रानीपुर तिराहे के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर झाड़ियों में पड़े एक संदिग्ध काले बैग पर पड़ी। शक होने पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बैग खोला तो उसके अंदर करीब 25 वर्षीय अज्ञात युवती का क्षत-विक्षत शव देखकर सभी हैरान रह गए।
घटनास्थल से पुलिस ने एक काला लोअर और प्रिंटेड समीज भी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा युवती की पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवती की हत्या किसी अन्य स्थान पर कर शव को हाईवे किनारे फेंका गया या फिर वारदात घटनास्थल के आसपास ही हुई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल इस दिल दहला देने वाली घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। युवती की पहचान, हत्या के कारण और आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विवेचना के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।




