
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के इन्दरिया गांव में पुराने जमीनी विवाद को लेकर पड़ोसियों द्वारा एक दंपती की लाठी-डंडों से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में पति-पत्नी घायल हो गए। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है जानकारी के अनुसार, इन्दरिया गांव निवासी मुन्नी देवी पत्नी संतलाल प्रजापति ने गुरुवार को लाइन बाजार थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे पड़ोसी अमर बहादुर, विजय बहादुर और पंकज पुराने जमीनी विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
मारपीट में मुन्नी देवी और उनके पति संतलाल प्रजापति के सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पुलिस ने पीड़िता की नामजद तहरीर के आधार पर विजय बहादुर, अमर बहादुर, पंकज समेत पांच लोगों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



