
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जनपद में अवैध सूदखोरी, मनमाने ब्याज की वसूली और कर्ज के नाम पर धमकी देकर प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपनाने जा रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बिना वैध लाइसेंस के ब्याज पर रुपये उधार देने तथा नियमों के विरुद्ध अत्यधिक ब्याज वसूलने वाले साहूकारों के खिलाफ शिकायतों की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं पुलिस के अनुसार, कर्ज की रकम या ब्याज न मिलने पर किसी व्यक्ति को धमकाना, मानसिक अथवा शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना और जमीन-मकान जैसी संपत्ति अपने नाम कराने के लिए अनुचित दबाव बनाना गंभीर मामला है। ऐसी शिकायतों पर तथ्यों की जांच कर संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
कर्ज के नाम पर प्रताड़ना बर्दाश्त न करें
जौनपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सूदखोर अवैध रूप से ब्याज वसूल रहा है, धमकी दे रहा है या संपत्ति पर कब्जा करने अथवा जबरन हस्तांतरण के लिए दबाव बना रहा है, तो चुप न रहें। पीड़ित अपने संबंधित थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
सूदखोरी की शिकायत के लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर :
📞 9454458196
इस नंबर पर दें अवैध सूदखोरी, मनमानी ब्याज वसूली, धमकी और उत्पीड़न की सूचना
पुलिस ने बताया कि प्राप्त शिकायतों की जांच उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने की बात भी कही गई है जौनपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कर्ज के नाम पर हो रहे उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाएं और ऐसी गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें, ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।




