पटाखों की लापरवाही बनी तबाही की वजह, किसान के तीन मड़हे जलकर राख
पटाखों की लापरवाही बनी तबाही की वजह, किसान के तीन मड़हे जलकर राख

न्यूज़ खबर इंडिया | संवाददाता
चंदवक (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव में सोमवार शाम पटाखों की लापरवाही ने किसानों की वर्षों की मेहनत को पल भर में राख में बदल दिया। बच्चों द्वारा जलाए गए पटाखों से निकली चिंगारी से आग लग गई, जिससे दो सगे भाइयों के तीन मड़हे धू-धू कर जल उठे। इस अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
गांव निवासी सुभाष यादव और भोला यादव ने अपने घर के सामने पशुओं के रहने, चारा और घरेलू सामान रखने के लिए बड़े-बड़े मड़हे बना रखे थे। सोमवार करीब साढ़े तीन बजे गांव के कुछ बच्चे मड़हों के पास पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान एक पटाखे की चिंगारी मड़हे में जा गिरी, जिससे आग लग गई।
आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। मड़हों से उठती लपटें देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टी व सबमर्सिबल के पानी से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
मड़हों में रखा पशुओं का चारा, सूखे भूसे के सैकड़ों गट्ठर, लोहे के बक्सों में रखे कपड़े, गद्दे, रजाइयां, घरेलू सामान और सिंचाई की पाइपें पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।




