
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जिले के जलालपुर स्थित बयालसी महाविद्यालय में मंगलवार को रोवर-रेंजर के अंतर्गत पाँच दिवसीय प्रवेश प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर सेवा और अनुशासन की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम महाविद्यालय के रोवर-रेंजर प्रभारी डॉ. अंशुमान सिंह एवं डॉ. जितेंद्र प्रसाद यादव के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान रोवर-रेंजर प्रशिक्षक नितिन चौरसिया तथा राकेश मिश्रा (डीओसी, जौनपुर) छात्र-छात्राओं को अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी देंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अलकेश्वरी सिंह ने कहा कि रोवर-रेंजर की गतिविधियाँ युवाओं में सेवा, सहयोग और नेतृत्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने छात्रों को प्रशिक्षण से सीख लेकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रो. बृजेश कुमार मिश्र, प्रो. प्रतिभा सिंह, प्रो. संजय नारायण सिंह, डॉ. जगत नारायण सिंह, सफीउल्लाह अंसारी, श्रीकृष्ण सिंह और हिमांशु कुमार सहित महाविद्यालय के कई शिक्षक एवं छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।




