
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
जौनपुर, /केराकत: विकास खण्ड केराकत अंतर्गत ग्राम पंचायत घुड़दौड़ एवं सोहनी में “स्कूल चलो अभियान” के तहत जागरूकता रैली एवं अभिभावक बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय से जुड़े शिक्षकों एवं बच्चों ने गांव में रैली निकालकर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से बच्चियों एवं ड्रॉपआउट छात्राओं के नामांकन पर जोर दिया गया। शिक्षकों ने अभिभावकों को समझाया कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है और प्रत्येक बच्चे को विद्यालय भेजना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही बच्चियों की शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्हें स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया गया।
अभिभावकों को यह भी बताया गया कि शिक्षित समाज ही विकसित समाज की पहचान है और शिक्षा के माध्यम से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। रैली और बैठक के माध्यम से लोगों को अपने तथा आसपास के सभी बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर कम्पोजिट विद्यालय घुड़दौड़ से प्रधानाचार्य विरेंद्र पाल, अध्यापक प्रवीण सिंह, अनिल, संतोष सिंह तथा सोहनी विद्यालय से प्रधानाध्यापक नवनीत यादव, संगीता देवी, अनिता सिंह सहित सैकड़ों बच्चों की सक्रिय भागीदारी रही। जन विकास समिति से सरिता ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्देश्य “हर बच्चा स्कूल में” सुनिश्चित करना रहा, जिससे क्षेत्र में शिक्षा का स्तर और अधिक मजबूत हो सके।




