रामगढ़ में बिना मुआवजा भूमि कब्जे पर किसानों का प्रदर्शन, लेखपाल पर रिश्वतखोरी का आरोप
एनएचआई के खिलाफ नारेबाजी, किसानों ने मुआवजा दिलाने और लेखपाल को हटाने की उठाई मांग

- न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
, केराकत/जौनपुर
केराकत तहसील अंतर्गत रामगढ़ गांव में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब दो दर्जन से अधिक किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचआई) और स्थानीय लेखपाल के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने “एनएचआई मुर्दाबाद” और “लेखपाल मुर्दाबाद” के नारे लगाते हुए आरोप लगाया कि बिना किसी वैध कागजी प्रक्रिया और बिना मुआवजा दिए उनकी जमीन पर जबरन कब्जा कर सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है।
किसानों का कहना है कि न तो उनसे कोई सहमति ली गई और न ही अभी तक उनके खातों में मुआवजा भेजा गया है, जिससे वे आक्रोशित हैं।
वहीं, रामगढ़ गांव के निवासी सुरेंद्र और जनता देवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हल्का लेखपाल फाइल तैयार करने के नाम पर 500 से 1000 रुपये तक की अवैध वसूली कर रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित लेखपाल को तत्काल हटाया जाए और जिन किसानों की जमीन पर कब्जा किया गया है, उनका मुआवजा जल्द से जल्द उनके बैंक खातों में भेजा जाए।
फिलहाल इस मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और किसान अपनी मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दे रहे हैं।




