
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के दीनापुर गांव में गुरुवार को गेहूं की मड़ाई के दौरान एक हृदयविदारक हादसा हो गया। थ्रेशर मशीन की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि शव कई टुकड़ों में बंट गया, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग सिहर उठे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान लगभग 35 वर्षीय मुलायम बनवासी पुत्र लालचंद, निवासी बनकट बहरैची, जिला भदोही के रूप में हुई है। वह पिछले करीब चार वर्षों से अपने ससुराल भदरांव गांव में पत्नी और एक पुत्र के साथ रह रहा था।
परिवार के भरण-पोषण के लिए वह मजदूरी करता था और गांव निवासी पंडित सरोज के ट्रैक्टर-थ्रेशर पर श्रमिक के रूप में कार्यरत था। गुरुवार को वह अपने ससुर, साले और अन्य लोगों के साथ दीनापुर गांव में गेहूं की मड़ाई कर रहा था। मड़ाई के दौरान वह प्लास्टिक की तिरपाल में गेहूं की बालियां भरकर थ्रेशर में डाल रहा था।
इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह थ्रेशर के अंदर खिंचता चला गया। जब तक आसपास मौजूद लोग मशीन को बंद करते, तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। सूचना मिलने पर बरसठी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से थ्रेशर में फंसे शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए ट्रैक्टर-थ्रेशर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।



