
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। उत्तर प्रदेश होमगार्ड इनरोलमेंट परीक्षा-2025 के दूसरे दिन जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सख्ती के साथ-साथ सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया। प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कई केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जनपद में बनाए गए कुल 19 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा रही है। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज, बीआरपी इंटर कॉलेज और टीडी विधि महाविद्यालय समेत कई केंद्रों का भ्रमण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षार्थियों की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा की पारदर्शिता को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने विशेष रूप से पेयजल, गुड़ और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर परीक्षार्थियों को स्वच्छ पानी और गुड़ पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था को भी पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने केंद्रों के प्रधानाचार्यों को गुड़ भेंट कर उसे परीक्षार्थियों में वितरित कराने को कहा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार गर्मी को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को परेशानी न हो।
इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के बाहर मौजूद अभिभावकों के लिए भी पेयजल और गुड़ की व्यवस्था की गई है। डीएम ने मौके पर अभिभावकों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।




