Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया
जौनपुरयूपी

जौनपुर में डीजल-पेट्रोल मूल्यवृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल

महंगाई के विरोध में कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता 

जौनपुर।  डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में सोमवार को जौनपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है।

जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “महंगाई के सामने मोदी सरकार ने पूरी तरह सरेंडर कर दिया है। सरकार जनता की जेब पर लगातार आर्थिक बोझ डाल रही है। पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी जनता के साथ आर्थिक डकैती है।” कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से छोटे व्यापारियों, होटल संचालकों और आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। इसके साथ ही पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को भी उठाते हुए सरकार को घेरा गया।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में डीजल-पेट्रोल एवं गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की गई। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर सरकार विरोधी नारों से गूंज उठा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!