
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। चेतगंज थाना क्षेत्र के सरायगोवर्धन इलाके में स्थित डॉ. आकांक्षा सिंह हॉस्टल के पीछे वाली गली में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पान दरीबा चौकी प्रभारी विकास मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के दुकानदारों व स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पता चला कि मृतक कबाड़ बीनने का काम करता था। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक बीती शाम अत्यधिक शराब के नशे में गली में आकर सो गया था और उसके बाद नहीं उठा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला अत्यधिक शराब सेवन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। चेतगंज पुलिस ने बताया कि शव की शिनाख्त कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



