
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। विकास खंड काशी विद्यापीठ में सोमवार को पंचायत सहायक यूनियन ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार आवाज बुलंद की। यूनियन के पदाधिकारियों और पंचायत सहायकों ने जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, ब्लॉक प्रमुख रेनू पटेल, खंड विकास अधिकारी राजेश यादव एवं एडीओ पंचायत सुनील श्रीवास्तव को 14 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने ज्ञापन के माध्यम से पंचायत सहायकों के मानदेय में वृद्धि, सेवा नियमितीकरण तथा ग्राम सचिवालयों में इंटरनेट, इनवर्टर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
पंचायत सहायकों का कहना है कि वे लंबे समय से बेहद कम मानदेय पर कार्य कर रहे हैं, जबकि ग्राम स्तर पर डिजिटल सेवाओं और सरकारी योजनाओं के संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। सचिवालयों में मूलभूत संसाधनों के अभाव के कारण कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे आम जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा। इस अवसर पर जिला पंचायत सहायक अध्यक्ष एवं ब्लॉक पंचायत सहायक अध्यक्ष जय हिंद कुमार, महामंत्री शालिनी यादव, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार राय, मीडिया प्रभारी मोहम्मद इमरान सहित बड़ी संख्या में पंचायत सहायक उपस्थित रहे।




