
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक/जौनपुर। थाना क्षेत्र के कनौरा गांव के समीप रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। सोमवार को परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जनपद के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के सकिया गांव निवासी अनुराग सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके फुफेरे भाई अमित कुमार सिंह (28) पुत्र स्वर्गीय रामजनम सिंह, निवासी सारंगपुर थाना देवगांव, रविवार सुबह मोटरसाइकिल से वाराणसी से अपने घर लौट रहे थे। सुबह करीब नौ बजे आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर कनौरा गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अमित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। उपचार के दौरान रविवार देर रात उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान और चालक की तलाश के लिए जांच की जा रही है।




