
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। सुरेरी थाना क्षेत्र के पूरेदयाल सोरहा गांव में शनिवार को खेत में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
जानकारी के अनुसार, भैंस चरा रहे एक युवक की नजर खेत में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद उसने तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सुरेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष आंकी जा रही है। युवक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस को मृतक के हाथ पर “प्रीति महाकाल” लिखा हुआ मिला है, जिसे पहचान का महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के थानों और जनपदों में भी युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा, जबकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।




