
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत/जौनपुर। कोतवाली क्षेत्र के अखईपुर गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पट्टीदारों के बीच हुए विवाद में एक व्यक्ति पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किए जाने का आरोप है। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है अखईपुर निवासी धर्मप्रकाश उर्फ लल्ले पुत्र रामकुमार मौर्य ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पट्टीदार लल्ली उर्फ लल्लई पुत्र खब्बान, सुशील पुत्र लालजी और दीपक पुत्र लल्लई से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि कहासुनी के दौरान तीनों आरोपियों ने उनके पिता रामकुमार मौर्य को घेर लिया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, लोहे की रॉड सिर पर लगने से रामकुमार मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर से काफी खून बहने लगा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर जब उनकी पत्नी चंद्रा देवी बीच-बचाव के लिए पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की घटना के बाद परिजनों ने घायल रामकुमार की हालत गंभीर बताते हुए तत्काल इलाज और मेडिकल परीक्षण की मांग की है। धर्मप्रकाश ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।




