
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गंगोली गांव में चोरों ने एक ही रात में ऐसा आतंक मचाया कि ग्रामीणों की नींद उड़ गई। बेखौफ चोरों ने गांव में चार अलग-अलग जगहों को निशाना बनाते हुए नगदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने पूर्व प्रधान के घर में सेंध लगाने के साथ ही तीन अन्य घरों से भी नगदी और कीमती सामान चोरी कर लिया इतना ही नहीं, चोरों ने आस्था के केंद्र चामुंडा मंदिर को भी नहीं बख्शा। मंदिर के दानपात्र को तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली गई। सुबह जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो गांव में हड़कंप मच गया। घरों के बिखरे सामान और टूटे ताले देखकर पीड़ित परिवारों के होश उड़ गए।
पूर्व प्रधान के घर से नगदी और जेवरात चोरी होने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पीड़ितों का कहना है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए सूचना पर पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है एक ही रात में चार घरों और मंदिर में चोरी की घटना ने गांव की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब ग्रामीणों की मांग है कि जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद किया जाए।




