
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में वाराणसी से आयोजित मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का भी शुभारंभ एवं सम्मान समारोह दिखाया गया कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने फीता काटकर किया। इसके बाद राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, डॉ. अजय सिंह और जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की इस दौरान बेसिक शिक्षा विभाग के 10 शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, स्पेशल एजुकेटर और रसोइयों तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के पांच शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड वितरित किए गए।
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षकों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम है राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि योजना के माध्यम से शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, विशेष शिक्षक, कस्तूरबा विद्यालयों के शिक्षक, रसोइये और उनके आश्रित गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी खरीदने के लिए प्रति छात्र 1200 रुपये की धनराशि भेजी गई है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि इस राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा पर ही करें उन्होंने बताया कि राज्यमंत्री के निर्देश पर जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में प्रत्येक माह अभिभावक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें बच्चों की प्रगति और अनुशासन पर चर्चा होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि निपुण भारत योजना में जौनपुर प्रदेश में प्रथम स्थान पर है, और शिक्षा विभाग आगे भी बेहतर कार्य करता रहेगा कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला विकास अधिकारी, भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नूपुर श्रीवास्तव ने किया।




