
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत/जौनपुर। थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के पुलिस के दावे सवालों के घेरे में हैं। सरकी पुलिस चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित एक चाय की दुकान में चोरी की घटना सामने आई है। बेखौफ चोर देर रात दुकान का ताला तोड़कर नकदी लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, सरकी बाजार स्थित ‘बेवफा चाय की दुकान’ को चोर ने निशाना बनाया। सुबह दुकान संचालक अमन चौरसिया जब दुकान खोलने पहुंचे तो काउंटर का ताला टूटा मिला और नकदी गायब थी। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें एक व्यक्ति दुकान के अंदर चोरी करता हुआ स्पष्ट दिखाई दिया।
पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को देते हुए सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दिया है। अमन चौरसिया ने आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस चौकी के इतने करीब हुई चोरी की घटना से स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों में दहशत और नाराजगी का माहौल है।




