
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत/जौनपुर। तहसील क्षेत्र में पुरानी रंजिश ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब एक बुजुर्ग पर उनके ही घर में घुसकर चाकू और लाठी से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भेजते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है पीड़ित पक्ष की ओर से रविशंकर विश्वकर्मा ने केराकत कोतवाली में दर्ज कराई गई तहरीर में बताया कि 2 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9 बजे उनके पिता घर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान पड़ोसी प्रदीप कुमार अपने दो बेटों डब्लू और पप्पू के साथ वहां पहुंच गया। पुरानी कहासुनी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया आरोप है कि प्रदीप कुमार ने अपने बेटों को हमला करने के लिए उकसाया। इसके बाद डब्लू ने चाकू से बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जबकि पप्पू ने लाठी से हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। उनके सिर पर गहरी चोटें आईं, जबकि हाथ और पैरों में भी गंभीर चोटें लगीं पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने हमला करने के दौरान गाली-गलौज की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को अपने साथ कोतवाली ले गई। वहां से उन्हें उपचार के लिए भेजा गया तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराया गया कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार पांडे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्रदीप कुमार, डब्लू और पप्पू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी दिनदहाड़े घर में घुसकर हुए इस जानलेवा हमले ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच के बाद सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




