
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के रिंग रोड स्थित मेहंदीगंज गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक डीसीएम ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर मुंबई से गुवाहाटी जा रहा डीसीएम ट्रक अज्ञात भारी वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया मृतक की पहचान चौबेपुर थाना क्षेत्र के कोदूपुर निवासी राम अचल प्रजापति (45 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसा शुक्रवार तड़के करीब चार बजे हुआ। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
चालक के केबिन में बुरी तरह फंसे होने के कारण उसे बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कटर और अन्य उपकरणों की सहायता से केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। पत्नी सुमन का रो-रोकर बुरा हाल है। राम अचल अपने पीछे दो पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि डीसीएम आगे चल रहे किसी अज्ञात भारी वाहन से टकराई थी। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



