
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। मड़ियाहूं विकासखंड के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय कुम्भ में स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया गया। तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। स्मार्ट क्लास का उद्घाटन खंड शिक्षा अधिकारी उदयभान कुशवाहा ने किया विद्यालय को सोशल वेलफेयर एंड अपलिफ्टमेंट ग्रुप, दिल्ली के संस्थापक अवधेश अग्रवाल एवं रोटरी क्लब दिल्ली कामा प्लेस की ओर से स्मार्ट टीवी दान स्वरूप उपलब्ध कराया गया है। इसके माध्यम से अब विद्यालय के छात्र-छात्राओं को आधुनिक और डिजिटल माध्यम से शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी उदयभान कुशवाहा ने कहा कि स्मार्ट क्लास के जरिए बच्चे आधुनिक तकनीक के माध्यम से पढ़ाई करने के साथ-साथ देश-दुनिया के वर्तमान घटनाक्रम से भी परिचित हो सकेंगे। इससे उनकी सीखने की क्षमता, रुचि और सामान्य ज्ञान में वृद्धि होगी। उन्होंने इस पहल के लिए अवधेश अग्रवाल एवं उनकी पूरी टीम के प्रति आभार जताया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं प्राथमिक शिक्षक संघ मड़ियाहूं के अध्यक्ष डॉ. विशाल सिंह ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय के परिवेश को आकर्षक बनाने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए वह अपनी पूरी क्षमता से विद्यालय के प्रति समर्पित रहेंगे कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मुलायम यादव ने किया। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ मड़ियाहूं के मंत्री प्रदीप सूर्या, नवाचारी शिक्षक शिवम सिंह, राकेश सिंह, अमित नारायण यादव, शालिनी सिंह, पातालनाथ सरोज, आशा देवी सहित शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




