
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर/बरसठी। थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव घर के सामने शीशम के पेड़ से संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया मिली जानकारी के अनुसार, गणेशपुर निवासी राय साहब चौहान (55) पुत्र अज्ञात अपने घर के सामने शीशम के पेड़ में फंदे से लटके पाए गए। सुबह जब पत्नी और ग्रामीणों की नजर पेड़ पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची बरसठी थाना पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार राय साहब चौहान दो भाइयों में सबसे छोटे थे। वह ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके कोई संतान नहीं थी और घर में वह अपनी पत्नी के साथ रहते थे। बताया गया कि करीब 10 दिन पहले वह वाराणसी स्थित एक भट्ठे पर काम करके वापस लौटे थे और गांव में ही मजदूरी कर रहे थे घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा इस संबंध में बरसठी थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौत के कारणों की जांच की जा रही है।




