
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
अमेठी। शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर स्थित एक पुराने कुएं से किशोर और किशोरी के शव बरामद हुए। दोनों के शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में सनसनी फैल गई बताया जा रहा है कि किशोर और किशोरी पिछले तीन दिनों से लापता थे। परिजनों द्वारा उनकी तलाश की जा रही थी। इसी बीच गांव के बाहर स्थित पुराने कुएं में दोनों के शव मिलने की जानकारी हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है प्रारंभिक तौर पर दोनों के बीच प्रेम प्रसंग होने की बात सामने आ रही है और इसी के चलते आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।




