
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। मड़ियाहूं क्षेत्र के बुद्धिपुर गांव में 26 वर्षीय विवाहिता शशिकला पटेल और उसकी चार वर्षीय बेटी श्रेया की मौत का मामला सामने आया है। घटना को लेकर मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है मायके पक्ष के अनुसार, शशिकला की शादी 6 जून 2021 को संतोषपुर निवासी रवि पटेल से हुई थी। परिजनों ने तहरीर में आरोप लगाया है कि शादी के बाद से शशिकला पर दो लाख रुपये और भैंस की मांग को लेकर दबाव बनाया जाता था। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी परिजनों का कहना है कि गुरुवार शाम शशिकला ने अपनी बहन को फोन कर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात बताई थी। इसके बाद रात करीब 8:30 बजे ससुर हंसराज की ओर से मायके वालों को शशिकला की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने की बात कही गई है।
परिजनों के मुताबिक, वे रात करीब 9:30 बजे संतोषपुर पहुंचे तो मकान में ताला लगा मिला। सूचना पर 112 पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन घर में कोई नहीं मिला। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान उन्हें शशिकला को कभी जौनपुर, कभी भदोही और कभी वाराणसी ले जाने की अलग-अलग जानकारी दी गई इसके बाद सुबह करीब पांच बजे पुलिस ने परिजनों को जौनपुर सदर अस्पताल में शशिकला और उसकी बेटी के शव होने की जानकारी दी। घटना के समय पति रवि के गुजरात के वापी में होने की बात सामने आई है।
मायके पक्ष ने तहरीर में सुभावती देवी, हंसराज, रवि और किशन समेत अन्य लोगों पर आरोप लगाए हैं और कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने बताया कि मई 2026 में भी पति रवि पर मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत की गई थी। इसके बाद ग्राम प्रधान की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने की बात कही गई है थाना प्रभारी इंस्पेक्टर क्रीम इरफान अली ने बताया कि दहेज हत्या के संबंध में तहरीर मिली है और नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के कारणों और आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।




