
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र अंतर्गत लच्छापुर गांव में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां देवर ने अपनी भाभी की कुल्हाड़ी से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लच्छापुर निवासी सुजीत पटेल की पत्नी पूनम पटेल (32 वर्ष) का उसके देवर अजीत पटेल से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी अजीत ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पूनम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल पूनम घर के दरवाजे पर ही गिर पड़ी, लेकिन आरोपी का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। उसने क्रूरता की हद पार करते हुए कुल्हाड़ी से वार कर महिला के दाहिने पैर के निचले हिस्से को काटकर अलग कर दिया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव और थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया।
घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। वहीं, गांव में दबी जुबान से चर्चा है कि आरोपी अपने भाभी की बहन से शादी करना चाहता था, लेकिन भाभी इसके खिलाफ थी, जिससे वह काफी नाराज था।
मृतका पूनम का एक 6 वर्षीय पुत्र हर्ष है। घटना की जानकारी मिलते ही पति सुजीत पटेल, जो रेलवे में ग्रुप-डी कर्मचारी हैं, मौके पर पहुंचे और पत्नी की हालत देख बेसुध हो गए। कुछ ही देर में मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए, जिससे माहौल गमगीन हो गया।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।




