
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के पदों पर एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद स्तर पर परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि लिखित परीक्षा 25 अप्रैल, 26 अप्रैल एवं 27 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। प्रत्येक दिन परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक आयोजित होगी।
जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। बैठक में बताया गया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जिससे परीक्षा की निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके। इसके अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक एवं परीक्षा सहायकों की भी नियुक्ति कर दी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। प्रति पाली लगभग 8400 परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे समय से अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें और परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




